निरसा / कल्याणेश्वरी (मैथन डैम चेकपोस्ट): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण से पहले आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट और चुनाव आयोग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सालानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल्याणेश्वरी (मैथन डैम) नाका चेकपोस्ट पर एक मिनी बस से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 41 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के मैथन (कालीपहाड़ी) से आसनसोल की ओर जा रही एक मिनी बस (नंबर WB37C5476, ‘कृपामय’) को चेकपोस्ट पर संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान बस से 9 पेटियों में रखे 1108 बंडल अवैध ‘डियर’ लॉटरी टिकट बरामद हुए। प्रत्येक बंडल में लगभग 500 टिकट पाए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस अवैध लॉटरी की खेप को आसनसोल पहुंचाकर वहां से बीरभूम के सिउड़ी रूट की बस में सप्लाई करने की योजना थी।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा नेटवर्क एक अंतर्राज्यीय सिंडिकेट द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच सक्रिय है। लॉटरी की छपाई और सप्लाई झारखंड के मैथन और निरसा क्षेत्र से की जा रही थी।
इस सिंडिकेट में मशरूल अंसारी और दयामय कुम्हाकार के नाम सामने आए हैं, जबकि आसनसोल में खेप रिसीव करने की जिम्मेदारी पोलटू सिंह नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। नेटवर्क का विस्तार जामुड़िया, रानीगंज और दुर्गापुर तक फैला हुआ बताया जा रहा है।
बस कंडक्टर राजू महतो ने पूछताछ में कहा कि उन्हें इस अवैध सामान के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और वे केवल बस संचालन की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान मीडिया कर्मियों को रोकने पर विवाद भी सामने आया है, जिससे चेकपोस्ट पर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठे हैं।
फिलहाल पुलिस और चुनाव आयोग की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

