झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरारी बूढ़ीबांध खपड़ाधौड़ा में सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां लगभग 45 वर्षीय राशन दुकानदार गुड्डू शेख की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी संख्या में लोग जुट गए और आक्रोशित होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस गश्ती केवल औपचारिकता के तौर पर की जाती है और संवेदनशील इलाकों में लापरवाही बरती जाती है।
सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों व आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।




