देवरिया के तरकुलवा में दबंगों का कहर, घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट, 3 घायल

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के थाना तरकुलवा क्षेत्र के बंजरिया टोला पोखरभिंडा गांव में दबंगों द्वारा महिलाओं पर हमले की गंभीर घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की, जिसमें किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए।

पीड़िता शाहिना खातून ने आरोप लगाया है कि गांव के ही इरफान, साहिल, गुलाम नबी आजाद और हनान पुत्र मैनेजर खान ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और मारपीट की। इस घटना में असरुन खातून, रुखसाना खातून और बुसरा (पुत्री अनवर) घायल हो गईं।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी प्रभावशाली और रसूखदार बताए जा रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार पर दबाव की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलने पर तरकुलवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।