धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र की टांडवाडी बस्ती में एक बार फिर भूस्खलन की घटना सामने आई है। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार अचानक तेज आवाज के साथ जमीन से धुआं निकलने लगा। आवाज सुनकर जब ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जबकि कई अन्य घरों में बड़ी दरारें आ गई हैं।
घटना के बाद लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे और पूरे बस्ती में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी मौके पर किसी तरह की सरकारी सहायता नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले से ही पिछले भूस्खलन की घटना से उबर नहीं पाए थे, और अब एक बार फिर इस तरह की घटना ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले 31 मार्च की शाम करीब 6 बजे भी इसी टांडवाडी बस्ती में इसी तरह का भूधसान हुआ था, जिसमें कई घर प्रभावित हुए थे।
