मिनाखां के विकास सरदार ने BJP सरकार बनने पर मुंडवाए बाल और दाढ़ी, वर्षों पुरानी मन्नत की पूरी

पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद विकास सरदार ने अपनी वर्षों पुरानी प्रतिज्ञा पूरी करते हुए सिर के बाल और दाढ़ी मुंडवा ली। यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का समर्थन करने के कारण विकास सरदार को कथित तौर पर राजनीतिक हिंसा का सामना करना पड़ा था। मिनाखां के बामनपुकुर ग्राम पंचायत अंतर्गत पुटखाली गांव निवासी विकास सरदार का घर भी उस दौरान तोड़फोड़ का शिकार हुआ था। घटना के बाद उन्हें लंबे समय तक अपना घर छोड़कर रहना पड़ा।

इसी दौरान विकास सरदार ने संकल्प लिया था कि जब तक राज्य में बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। उन्होंने वर्षों तक अपने इस संकल्प को निभाया।

अब 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार बनने के बाद विकास सरदार ने अपनी मन्नत पूरी करते हुए बाल और दाढ़ी मुंडवा ली। इस मौके पर उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों ने भी खुशी जाहिर की।