गोंडा में सोमवार को जिला प्रशासन और पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने की। इस अवसर पर पुरानी हनुमानगढ़ी, मालवीय नगर से बाबा दुखहरण नाथ मंदिर तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, सीडीओ दयानंद प्रसाद, एडीएम आलोक कुमार समेत बड़ी संख्या में महिलाएं, प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान “जय सोमनाथ” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बाबा दुखहरण नाथ मंदिर पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं और अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन और जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने भक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाले इस आयोजन में लोगों का उत्साह देखने लायक था।
