जिम्स अस्पताल एक बार फिर विवादों में, इलाज में लापरवाही का आरोप

धनबाद के कार्मिक नगर स्थित जिम्स अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण मरीज की असमय मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सिख समाज के लोग अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके बुलावे पर धनबाद सांसद ढुल्लु महतो भी जिम्स अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

परिजनों के अनुसार मरीज को घुटने के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। बाद में मरीज की किडनी फेल होने की बात सामने आई। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर सही इलाज और निगरानी नहीं मिलने की वजह से मरीज की मौत हुई।

वहीं अस्पताल में संबंधित डॉक्टर के मौजूद नहीं रहने पर सांसद ने फोन पर बातचीत कर जवाब मांगा और मामले की निष्पक्ष जांच की बात कही। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

सिख समाज के लोगों ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है |