किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा का दारू प्रखंड कार्यालय पर धरना

हजारीबाग जिले के दारू प्रखंड कार्यालय परिसर में भारतीय जनता पार्टी दारू प्रखंड कार्यसमिति की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार ने की, जबकि संचालन संजय कुमार ने किया।

धरना कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी करने और किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान किसानों से कई बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज तक उन्हें पूरा नहीं किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रभारी मनोरमा राम ने कहा कि हेमंत सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर बीज, खाद और उचित समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

वहीं भाजपा नेता मिथिलेश पाठक ने धान खरीद में अनियमितता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

धरना के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को उठाया और सरकार की नीतियों की आलोचना की। कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को सौंपा।

धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।