मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड का यूपी लिंक, बलिया से खरीदी गई थी निशान माइक्रा कार

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का बड़ा कनेक्शन सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या में इस्तेमाल की गई निशान माइक्रा कार बलिया से खरीदी गई थी। इस मामले के सामने आने के बाद बलिया में भी हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के मुताबिक, बलिया निवासी सत्यम सिंह से इसी जिले के रहने वाले कथित कॉन्ट्रैक्ट किलर ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मन्नू ने 1 मई को करीब 50 हजार रुपये में यह कार खरीदी थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि इसी कार का इस्तेमाल चंद्रनाथ रथ की हत्या में किया गया।

मामले में मन्नू को गैंग का सरगना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम ने उसके घर पर छापेमारी भी की, लेकिन आरोपी फरार मिला। जांच एजेंसियां उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

इस बीच मामले से जुड़ा एक कथित लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसने जांच को और तेज कर दिया है। हालांकि अधिकारियों की ओर से वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जांच एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में कई बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। वहीं इस सनसनीखेज खुलासे के बाद बलिया और पश्चिम बंगाल दोनों जगह राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।