नालंदा व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार और जन जागरण संस्थान की ओर से भ्रूण हत्या विषय पर विशेष विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को भ्रूण हत्या जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक करना और बेटियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुरविंदर सिंह मल्होत्रा ने कहा कि भ्रूण हत्या समाज के लिए बेहद चिंताजनक विषय है। बेटियों को जन्म से पहले खत्म करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानवता के खिलाफ भी है। उन्होंने लोगों से समाज में बेटियों को सम्मान और समान अधिकार देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे में भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर आगे आना होगा। कार्यशाला में मौजूद लोगों को कानूनी प्रावधानों और महिलाओं से जुड़े अधिकारों की भी जानकारी दी गई।
इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने समाज में जागरूकता फैलाने और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को मजबूत करने पर जोर दिया।
