बकरीद को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल आयोजित

Dhanbad में आगामी बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों को भीड़ नियंत्रण, दंगा नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अलग-अलग परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस तत्परता और प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर सके।

पुलिस अधिकारियों ने जवानों को सुरक्षा उपकरणों के सही इस्तेमाल और त्वरित प्रतिक्रिया की जानकारी भी दी। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

धनबाद पुलिस का कहना है कि बकरीद पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।