ट्रैक्टर से खजौली निकले अधेड़ की चाकू गोदकर हत्या, वार्ड सदस्य के पति का शव गड्ढे में मिला

मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र अंतर्गत कालिकापुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 नवटोली गांव में वार्ड सदस्य सुनीता देवी के पति शंकर यादव (45) की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

परिजनों के अनुसार शंकर यादव मंगलवार रात ट्रैक्टर लेकर खजौली के लिए घर से निकले थे। आरोप है कि रात करीब 11 बजे अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर शव को घर से दूर एक गड्ढे में फेंक दिया। वहीं मृतक का ट्रैक्टर कालिकापुर नवटोली-रामगढ़ सड़क स्थित चिल्हा कुआं के समीप बरामद किया गया।

बुधवार सुबह गड्ढे में शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना की जानकारी कलुआही थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष पायल भारती एवं खजौली-2 की एसडीपीओ कामिनी कौशल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया है।

थाना अध्यक्ष पायल भारती ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि गला और सिर में चाकू से वार कर हत्या की गई है। मृतक के शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका है कि हत्या से पहले उनके साथ मारपीट की गई थी।

मृतक शंकर यादव पांच बच्चों के पिता थे। उनके परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी की शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। बेटी की शादी से पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

एसडीपीओ कामिनी कौशल ने बताया कि हत्या कांड के खुलासे के लिए उनके नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर दी गई है। परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन पुलिस से जल्द न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी कितनी जल्दी सुलझाकर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।

Madhubani Husband and wife shot dead in minor dispute