अतिक्रमण हटाने के बीच सीओ की संवेदनशीलता, बच्चे को गोद में लेकर जीता लोगों का दिल

 

East Champaran SDM Order: Administration Action, Police Deployed;  Encroachment Removed

पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रशासनिक कार्रवाई के बीच मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की है। बोकानेपट्टी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अंचलाधिकारी नाज़नी अकरम ने एक परेशान महिला की मदद कर लोगों का दिल जीत लिया। उनका यह मानवीय व्यवहार अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

वीओ:
पूर्वी चंपारण के पताही प्रखंड के बोकानेपट्टी गांव में प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इस अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी नाज़नी अकरम कर रही थीं। कार्रवाई के दौरान उनकी नजर एक ऐसी महिला पर पड़ी, जो अपने छोटे बच्चे को संभालते हुए घर का सामान हटाने में जुटी थी। एक हाथ में बच्चा और दूसरे हाथ से सामान समेटने के कारण महिला काफी परेशान नजर आ रही थी।

महिला की परेशानी को देखते हुए अंचलाधिकारी नाज़नी अकरम तुरंत उसके पास पहुंचीं और बच्चे को अपनी गोद में उठा लिया। इसके बाद महिला ने राहत की सांस लेते हुए अपना सामान समेटना शुरू किया। इस दौरान सीओ बच्चे को दुलारती रहीं और उसे पढ़-लिखकर बड़ा अधिकारी बनने की प्रेरणा भी देती रहीं।

प्रशासनिक कार्रवाई के बीच सीओ का यह संवेदनशील और मानवीय चेहरा वहां मौजूद लोगों को काफी प्रभावित कर गया। स्थानीय लोगों ने उनके इस व्यवहार की जमकर सराहना की और कहा कि प्रशासन की सख्ती के साथ संवेदनशीलता का यह संतुलन समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

सीओ नाज़नी अकरम की यह पहल अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे प्रशासन की मानवीय सोच का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं।