विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बोकारो में जिला प्रशासन, जिला पुलिस और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा सहित कई अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम के तहत होमगार्ड के नवनिर्मित कैंपस परिसर और पुलिस लाइन में पौधारोपण किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त प्रयास से पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले सप्ताह में जिले के सभी पुलिस थानों में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।
एसपी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए, ताकि भविष्य में ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों का सामना करने में मदद मिल सके और पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।
वहीं उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि झारखंड की मूल चेतना, संस्कृति और संस्कार जल, जंगल और जमीन से जुड़े हुए हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हमारी संस्कृति और जिम्मेदारी का हिस्सा होना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।
