रामगढ़ में विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, दामोदर घाट पर हुआ वृहद वृक्षारोपण

रामगढ़ में विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झारखंड के रामगढ़ जिले में दामोदर नदी घाट पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।

नमामि गंगे योजना के तहत थाना चौक स्थित दामोदर नदी घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा दामोदर नदी तट के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिस प्रकार माँ हमारा पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति भी हमारे जीवन को संवारती है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस पर्यावरण दिवस पर सभी लोग ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अवश्य लगाएं। साथ ही पौधों को सुरक्षित रखने के लिए ट्री-गार्ड लगाने और उनके वृक्ष बनने तक देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लें।

कार्यक्रम के दौरान आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से पेड़ों के महत्व, जल संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन का संदेश दिया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।

वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने भी पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह सहित जिले के कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

रामगढ़ में विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान