विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोंडा जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने तिरेमनोरमा पारासराय में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया और जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रधानमंत्री की प्रेरणा से शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण जनभागीदारी कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का सामना करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि गोंडा के लोग इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और इसे जनआंदोलन का रूप देंगे।मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपनी मां और पिता के नाम पर पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से अपील की कि वे अपने ससुराल में अपनी मां के नाम पर पौधा लगाकर इस अभियान को आगे बढ़ाएं।
वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आशीष पटेल ने कहा कि जनता ने पिछले कई चुनावों में अपना फैसला स्पष्ट रूप से दिया है। उन्होंने कहा कि 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनाव परिणाम विपक्ष के लिए एक संदेश हैं और उन्हें अपने राजनीतिक प्रदर्शन पर आत्ममंथन करना चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया।
