नेपाल बॉर्डर से औंसी थाना तक गूंजा हरियाली का संदेश, विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए 176 पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए 176 पौधे

मधुबनी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संगठन “लेट्स इंस्पायर बिहार” के मधुबनी अध्याय द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत औंसी थाना परिसर, कपिलेश्वर हाई स्कूल, ककरौल मिडिल स्कूल, रहिका थाना सहित कई सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया गया। वहीं जयनगर-बेतोन्हा नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। पूरे अभियान के दौरान कुल 176 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के मुख्य समन्वयक डॉ. उदय भूषण प्रसाद ‘निराला’ ने की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। जिला प्रभारी राजू झा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना होगा।

नेपाल सीमा क्षेत्र में पिंकी झा के नेतृत्व में लगभग 150 पौधे लगाए गए। इस दौरान आम, जामुन, बेल, महोगनी, सपोटा (चीकू) और पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अभियान में ज्योतिरादित्य सिंह, सरोज सिंह और अमित पंजीयार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वक्ताओं ने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में समाजसेवी रीना सर्राफ, शेष नारायण, सुभाष झा और नीलेंद्र चौधरी सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए 176 पौधे