40 साल बाद मौसी के गांव पहुंचे नीतीश कुमार, श्रद्धांजलि देने उमड़ी हजारों लोगों की भीड़

40 साल बाद मौसी के गांव पहुंचे नीतीश कुमार, श्रद्धांजलि देने उमड़ी हजारों लोगों की भीड़

नालंदा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नीतीश कुमार रविवार को नालंदा जिले के हरनौत नगर पंचायत अंतर्गत मधोपुर-सबनहुआ गांव पहुंचे। करीब 40 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अपने मौसी के गांव पहुंचे नीतीश कुमार का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन पर पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला और “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के नारों से इलाका गूंज उठा।

पूर्व मुख्यमंत्री का काफिला जैसे ही गांव पहुंचा, हजारों की संख्या में ग्रामीण और समर्थक उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। नीतीश कुमार ने वाहन से ही हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। गांव में अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान उन्होंने अपनी स्वर्गीय मौसी देव लगन देवी एवं स्वर्गीय मौसा रामानंद सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

नीतीश कुमार के आगमन से परिवार के सदस्य भी भावुक नजर आए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परिजनों का हालचाल जाना और परिवार के साथ कुछ समय बिताया।

इस अवसर पर संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, ललन सर्राफ, जदयू जिलाध्यक्ष मो. अरशद, प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर बिहारशरीफ एसडीएम किसलय श्रीवास्तव, एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल, हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा तथा कल्याण बिगहा थानाध्यक्ष निशा भारती के नेतृत्व में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

ग्रामीणों के अनुसार नीतीश कुमार करीब चार दशक बाद गांव पहुंचे थे, जिसके कारण सुबह से ही लोगों में उत्साह का माहौल था। इस दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर आवेदन भी पूर्व मुख्यमंत्री को सौंपे।

40 साल बाद मौसी के गांव पहुंचे नीतीश कुमार, श्रद्धांजलि देने उमड़ी हजारों लोगों की भीड़