धनबाद/कालूबथान कालूबथान ओपी क्षेत्र के लेदाहड़िया स्थित सीएमआर भट्ठा से निकलने वाले धुएं और बढ़ते प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बीती रात बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भट्ठा परिसर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद कोयला लोड ट्रैक्टर चालक और भट्ठा कर्मी वाहन छोड़कर मौके से निकल गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीएमआर भट्ठा में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला जलाया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके में प्रदूषण फैल रहा है। उनका कहना है कि रोजाना निकलने वाले घने धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और बच्चों तथा बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि भट्ठा पंचायत के मुखिया अशोक महतो से जुड़ा है और इसे कथित तौर पर लीज पर देकर संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी जनता की समस्याओं का समाधान करना है, लेकिन यहां लोग प्रदूषण और बीमारियों से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रदूषण पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो वे व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे। उनका कहना है कि क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है और अब वे इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे।
हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों पर अभी तक मुखिया अशोक महतो या भट्ठा संचालक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
