झरिया/धनबाद झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भौरा 35 नंबर बंद खदान में चल रहे कथित अवैध कोयला खनन के खिलाफ बीसीसीएल प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान 150 टन से अधिक अवैध रूप से निकाला गया कोयला जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार बीसीसीएल के महाप्रबंधक (जीएम) के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। छापेमारी की सूचना मिलते ही अवैध खनन में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए। टीम ने खदान क्षेत्र में बड़ी मात्रा में जमा कोयला बरामद किया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सीआईएसएफ के जवानों के साथ बीसीसीएल की आंतरिक सुरक्षा टीम भी मौजूद रही। संयुक्त अभियान के तहत पूरे क्षेत्र की तलाशी ली गई और अवैध खनन से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए।
बीसीसीएल प्रबंधन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि बंद खदानों में अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
सूत्रों के अनुसार जब्त कोयले की मात्रा 150 टन से अधिक बताई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
