बलियापुर/धनबाद: अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आजसू पार्टी ने बलियापुर में विशाल मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जुलूस का नेतृत्व आजसू नेता हरेलाल महतो ने किया। इस दौरान सैकड़ों महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए।
मशाल जुलूस बलियापुर हटिया मैदान से शुरू होकर बलियापुर प्रखंड मुख्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचा, जहां सभा आयोजित कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में 20 मई को हुई हिंसक झड़प में मारे गए किशुन रवानी की मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग की। साथ ही घटना में शामिल दोषियों पर कार्रवाई और निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
आजसू नेता हरेलाल महतो ने कहा कि बांसजोड़ा घटना के बाद प्रशासन ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को कथित रूप से झूठे मुकदमों में फंसाने का काम किया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और किशुन रवानी की मौत की सीबीआई जांच की मांग दोहराई।
वहीं सरिता देवी ने आरोप लगाया कि घटना में निर्दोष आजसू कार्यकर्ताओं को फंसाया गया है, जबकि वास्तविक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस मौके पर वाणी देवी ने कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
