बलिया सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के कुसौरा गांव में भाजपा नेता योगेश्वर सिंह ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने जमीनी कार्यकर्ताओं की बात सुनी और कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को स्नेह स्वरूप डायरी भी भेंट की।
बैठक को संबोधित करते हुए योगेश्वर सिंह ने कहा कि यह कोई राजनीतिक बैठक नहीं थी, बल्कि अपने छोटे-बड़े भाइयों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर संवाद और भोजन करने का एक अवसर था। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल आपसी स्नेह और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम में सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पांचों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने एक स्वर में मांग उठाई कि योगेश्वर सिंह को वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में किसी एक विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहिए।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि क्षेत्र की जनता योगेश्वर सिंह को विधानसभा में अपना प्रतिनिधि बनते देखना चाहती है। कई वक्ताओं ने उनके सामाजिक कार्यों और क्षेत्र में सक्रियता का उल्लेख करते हुए उन्हें चुनाव मैदान में उतरने की अपील की।
हालांकि कार्यकर्ताओं की इस मांग पर योगेश्वर सिंह ने कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका उद्देश्य समाज सेवा और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखना है। 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कोई अंतिम निर्णय घोषित नहीं किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय मुद्दों, संगठन की मजबूती और सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा हुई। बैठक का माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा।
