गोंडा में सगे भाई की हत्या, घर में लगाई आग; आरोपी भाई गिरफ्तार

गोंडा में सगे भाई की हत्या, घर में लगाई आग; आरोपी भाई गिरफ्तार

गोंडा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के सरायखत्री स्थित जटमलपुर गांव में शनिवार देर शाम एक युवक ने कथित रूप से अपने सगे बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने घर में आग भी लगा दी, जिससे एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतक की पहचान अंकित (17 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके छोटे भाई अक्कू उर्फ हुलसी ने पहले अपने पिता भूल्लन के साथ मारपीट की, फिर घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी और बाद में अंकित पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार शाम घर से धुआं उठता देख लोग मौके पर पहुंचे। वहां पिता भूल्लन घायल अवस्था में खेत में पड़े मिले, जबकि घर के पास भैंस भी घायल हालत में थी। कुछ दूरी पर अंकित बेसुध पड़ा मिला, जिसकी बाद में मौत की पुष्टि हुई।

घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह अक्सर असामान्य व्यवहार करता था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राधेश्याम राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता भूल्लन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों के बीच हुए विवाद के बाद यह घटना हुई। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गोंडा में सगे भाई की हत्या, घर में लगाई आग; आरोपी भाई गिरफ्तार