चिरकुंडा/धनबाद वर्ष 2025 के चर्चित कुंदन प्रसाद रवानी हत्याकांड मामले में चिरकुंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर कुमारधुबी स्टेशन रोड स्थित आरोपी मुनिया देवी के आवास पर की गई।
कुर्की-जब्ती की कार्रवाई मजिस्ट्रेट अंकित परासर की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार रामनवमी के दौरान कुमारधुबी स्टेशन के समीप मंदिर के पास हुई कुंदन प्रसाद रवानी की हत्या के मामले में मुनिया देवी के परिवार के पांच सदस्यों को आरोपी बनाया गया था। इनमें मुनिया देवी, उनके दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं।
मामले में मुनिया देवी के दोनों बेटों ने पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन मुनिया देवी और उनकी दोनों बेटियां घटना के बाद से फरार चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के घर पर तीन बार न्यायालय का इश्तेहार चस्पा किया गया, बावजूद इसके वे हाजिर नहीं हुईं।
चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में फरार आरोपियों की चल संपत्ति जब्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून के तहत आगे की कार्रवाई भी जारी रहेगी।
वहीं मजिस्ट्रेट अंकित परासर ने बताया कि बार-बार नोटिस और इश्तेहार के बावजूद आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए, जिसके बाद न्यायालय के निर्देशानुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। आगे की प्रक्रिया भी न्यायालय के आदेश के अनुसार पूरी की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं और मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी
