मैथन ब्रिज पर ऑटो-बाइक की सीधी टक्कर, युवक की मौके पर मौत

मैथन ब्रिज पर ऑटो-बाइक की सीधी टक्कर, युवक की मौके पर मौत

मैथन/धनबाद मैथन स्थित मुकुल पंप के समीप ब्रिज पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एक ऑटो (टेंपो) और बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयला लदा टेंपो कथित रूप से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहा था। इसी दौरान पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मैथन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

स्थानीय निवासी रंजीत महतो ने बताया कि कोयला लदा टेंपो रॉन्ग साइड से पुल पर आ रहा था, जबकि बाइक सवार बंगाल की ओर से आ रहा था। दोनों के बीच सीधी टक्कर हुई, जिसमें बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस पुल पर अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हादसे होते रहते हैं।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

मैथन ब्रिज पर ऑटो-बाइक की सीधी टक्कर, युवक की मौके पर मौत