मुजफ्फरपुर में फाइनेंस कर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर; लूटपाट के बाद बदमाशों ने की फायरिंग

मुजफ्फरपुर में फाइनेंस कर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर; लूटपाट के बाद बदमाशों ने की फायरिंग

मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर शाम मुशहरी थाना क्षेत्र के दरधा हाट के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक फाइनेंस कर्मी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार राजीव कुमार काम खत्म कर घर लौट रहे थे। घर से करीब 100 मीटर पहले वह पैदल जा रहे थे, तभी हाई स्पीड केटीएम बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात के बाद अपराधी लगातार फायरिंग करते हुए दरधा हाट की ओर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत बैरिया स्थित मां जानकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी काफी देर से इलाके में रेकी कर रहे थे। चर्चा है कि घटना से पहले बदमाशों ने एक साइकिल सवार युवक से मोबाइल और नकदी भी लूटी थी। हालांकि कुछ लोग मामले को आपसी विवाद से भी जोड़कर देख रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पूर्वी-2 के डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लूटपाट के बाद गोलीबारी की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

वहीं घायल का इलाज कर रहे डॉ. अमितांशु प्रांजल ने बताया कि मरीज के पेट में गोली लगी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है।

मुजफ्फरपुर में फाइनेंस कर्मी को मारी गोली, हालत गंभीर; लूटपाट के बाद बदमाशों ने की फायरिंग