टीएमसी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कैलाश मिश्र मधुबनी से गिरफ्तार, करोड़ों के वित्तीय घोटाले का आरोप

टीएमसी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कैलाश मिश्र मधुबनी से गिरफ्तार, करोड़ों के वित्तीय घोटाले का आरोप

मधुबनी बिहार के मधुबनी जिले से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पश्चिम बंगाल पुलिस और मधुबनी पुलिस की संयुक्त टीम ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कैलाश मिश्र को गिरफ्तार कर लिया है। हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वह बाली विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी उम्मीदवार रहे थे।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम अरेर और रहिका के बीच रहिका-बेनीपट्टी मुख्य सड़क पर संयुक्त अभियान चलाकर कैलाश मिश्र को हिरासत में लिया गया। बेनीपट्टी के डीएसपी अमित कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल में धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, एक मामले में अदालत द्वारा कैलाश मिश्र के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था। पश्चिम बंगाल पुलिस का आरोप है कि वह करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले में शामिल थे और कथित रूप से अवैध कमाई को छिपाने के लिए अन्य राज्यों में निवेश कर रहे थे।

डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी रुचि ले रहा था। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल पुलिस ने मधुबनी पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

कैलाश मिश्र मूल रूप से मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत अरेर थाना क्षेत्र के अरेर पश्चिम टोला के निवासी बताए जाते हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद बेनीपट्टी, अरेर और आसपास के इलाकों में राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

टीएमसी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कैलाश मिश्र मधुबनी से गिरफ्तार, करोड़ों के वित्तीय घोटाले का आरोप