समस्तीपुर में मुर्गी दाना फैक्ट्री में करंट लगने से मिस्त्री की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

समस्तीपुर नगर निगम क्षेत्र के मुसापुर वार्ड संख्या-28 निवासी चंदेश्वर महतो (54) की औद्योगिक प्रांगण ऐलोथ स्थित एक मुर्गी दाना फैक्ट्री में काम के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। चंदेश्वर महतो फैक्ट्री में बिल्डिंग मिस्त्री के रूप में कार्यरत थे।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव फैक्ट्री परिसर में रखकर प्रदर्शन किया और उचित मुआवजे की मांग की।

इस दौरान कर्मचारी संघ ऐक्टू के नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।