अररिया राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अररिया जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला राजद कार्यालय “संघर्ष भवन” में जिला अध्यक्ष डॉ. अविनाश आनंद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला राजद के प्रधान महासचिव राम नारायण विश्वास ने किया।
बैठक में पूर्व मंत्री शाहनवाज आलम, रानीगंज विधायक अविनाश मंगलम, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद प्रत्याशी मनीष यादव, कोशी स्नातक क्षेत्र से पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. नीतेश कुमार यादव सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा विभिन्न प्रखंडों के राजद अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी प्रो. कुमार चन्द्रदीप ने कार्यकर्ताओं से 9 जून 2026 को सभी प्रखंड मुख्यालयों और 17 जून 2026 को अररिया जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले एक दिवसीय धरना कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह धरना महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, पलायन, प्रशासनिक कुव्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे जनसरोकार के मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने तथा धरना कार्यक्रम को जनांदोलन का स्वरूप देने की अपील की।
बैठक में पार्टी नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का भी संकल्प लिया।
