पौड़ी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद पौड़ी गढ़वाल में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत सोमवार से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण एवं सत्यापन कार्य की शुरुआत कर दी गई है।
8 जून से 7 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बीएलओ मतदाताओं से संपर्क कर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। साथ ही नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन के लिए जानकारी एकत्र की जाएगी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस चरण में मतदाताओं से किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।
अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह ने पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों और बीएलओ एप पर अद्यतन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित होगी। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके
