बेतिया में बड़ी कार्रवाई: कर्तव्य में लापरवाही पर 14 पुलिस पदाधिकारी निलंबित

बेतिय जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को सुदृढ़ बनाने के लिए बेतिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में कराई गई आकस्मिक जांच के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 14 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि 26 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने बैरिया, नौतन, जगदीशपुर, बलथर, सिकटा, पुरुषोत्तमपुर और इनरवा थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यों की समीक्षा के क्रम में आकस्मिक निरीक्षण कराया। जांच में कई पुलिसकर्मी एवं पदाधिकारी रात्रि गश्ती और अन्य ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह पाए गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने दोषी पाए गए 14 पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही 26 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और जनता से जुड़े मामलों में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित और पुरस्कृत किया जाएगा।