धनबाद। भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर सोमवार को बैंक मोड़ स्थित उनकी विशाल प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देश की आजादी तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए दिए गए योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने सामाजिक कुरीतियों और शोषण के खिलाफ संघर्ष कर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उनका जीवन आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उनके बताए आदर्शों पर चलने तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
गौरतलब है कि बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया था। उनके बलिदान और संघर्ष को देश सदैव स्मरण करता रहेगा। शहादत दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
