शहादत दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा को नमन, नमन परिवार ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा

जमशेदपुर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर जमशेदपुर में नमन परिवार द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों, युवाओं एवं मातृशक्ति ने भाग लेकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

नमन परिवार के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंटक नेता राकेश्वर पांडे ने कहा कि बिरसा मुंडा शोषण, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष के प्रतीक हैं। उनका जीवन वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरणा देता है।

वरिष्ठ पत्रकार बृजभूषण सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष भारतीय इतिहास की अमूल्य विरासत है। सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संस्थापक वरुण कुमार ने कहा कि नई पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उनके जीवन से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और जनसेवा की प्रेरणा मिलती है।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। इस दौरान पूरा नमन कार्यालय “बिरसा मुंडा अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में जयप्रकाश राय, राजन सिंह, बलविंदर सिंह, धनुर्धर त्रिपाठी, रामकेवल मिश्रा, राजीव कुमार सिंह, जूगुन पांडे, पूरबी घोष, नीरू सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में राघवेंद्र शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।