नौबतपुर पटना सोशल मीडिया पर देसी कट्टा के साथ फोटो और वीडियो साझा करना एक नाबालिग युवती को महंगा पड़ गया। नौबतपुर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर वायरल हुए स्टेटस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय युवती को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर देसी कट्टा के साथ फोटो और वीडियो साझा किए थे, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू की गई।
नौबतपुर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और सत्यापन के बाद संबंधित युवती की पहचान की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके पास से वही देसी कट्टा बरामद किया, जिसे लेकर उसने सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाया था।
पुलिस के अनुसार युवती नौबतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वर्तमान में वह पढ़ाई के सिलसिले में खगौल थाना क्षेत्र के कोथवां इलाके में किराये के मकान में रह रही थी।
नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन गंभीर मामला है। बरामद हथियार के संबंध में जांच की जा रही है और मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों या किसी भी अवैध गतिविधि से संबंधित सामग्री साझा करने से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
