झरिया में अवैध कोयला खदान में हादसा: दीवार ढहने से एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

झरिया धनबाद जिले के झरिया स्थित तीसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चांद कुइयां जोड़िया के समीप बुधवार को एक अवैध कोयला खदान में दर्दनाक हादसा हो गया। खदान की दीवार (चाल) ढह जाने से दो मजदूर मलबे में दब गए। घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने दोनों मजदूरों को मलबे से निकालकर घटनास्थल से हटाया। मृतक और घायल दोनों के जामताड़ा क्षेत्र के निवासी होने की बात कही जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद इलाके में अवैध कोयला खनन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का कार्य जारी है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं।

इस मामले पर धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि झरिया क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन और चोरी का कारोबार चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवैध गतिविधि में प्रशासनिक स्तर पर भी लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण गरीब मजदूर अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं।

सांसद ने कहा कि आर्थिक मजबूरी में मजदूर अवैध खदानों में काम करते हैं और अक्सर हादसों का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग उठ रही है। स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।