मधुबनी मिथिला क्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी गुरुवार को मधुबनी जिले के अरेर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाना में दर्ज लंबित मामलों और कांडों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कई मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
थाना निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने वहां मौजूद स्थानीय फरियादियों से भी मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान अरेर थाना कांड संख्या 195/25 विशेष रूप से चर्चा में रहा। इस मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर डीआईजी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस को चार दिनों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
कांड की पीड़िता के परिजनों ने डीआईजी को बताया कि मामले के आरोपी लगातार घर पर आते-जाते हैं और केस वापस लेने की धमकी भी देते हैं। इस शिकायत को डीआईजी ने गंभीरता से लिया और संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाने तथा फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
