टीबी उन्मूलन में उत्कृष्ट योगदान के लिए एनटीपीसी कहलगाँव सम्मानित, राज्यपाल और स्वास्थ्य मंत्री ने किया पुरस्कृत

भागलपुर पटना टीबी उन्मूलन अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए NTPC Kahalgaon को बिहार सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। पटना स्थित पुराने सचिवालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल Syed Ata Hasnain एवं स्वास्थ्य मंत्री Nishant Kumar ने यह सम्मान प्रदान किया।

समारोह में एनटीपीसी कहलगाँव की ओर से मानव संसाधन प्रमुख मनोरंजन सारंगी ने सम्मान ग्रहण किया। यह सम्मान संस्था को टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए दिया गया।

एनटीपीसी कहलगाँव के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रबंधक चेव्वाकुला श्रीकांत ने बताया कि कंपनी ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के तहत “निक्षय मित्र अभियान” में सक्रिय भागीदारी निभाई है। इस अभियान के अंतर्गत एनटीपीसी ने 500 टीबी मरीजों को गोद लिया है।

उन्होंने बताया कि इन मरीजों को प्रतिमाह पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके और टीबी के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिले। कंपनी का उद्देश्य सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान को सहयोग प्रदान करना और जरूरतमंद मरीजों तक आवश्यक पोषण सहायता पहुंचाना है।

एनटीपीसी के इस प्रयास की राज्य स्तर पर सराहना की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में एक अनुकरणीय पहल बताया है।