नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहारशरीफ-राजगीर फोरलेन पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में दीपनगर थाने के दो सब-इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पुलिस अधिकारी राजगीर मलमास मेला की ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
घायलों की पहचान दीपनगर थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार और रणधीर कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों को तत्काल इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
अस्पताल में इलाजरत सब-इंस्पेक्टर रणधीर कुमार ने बताया कि वे अपने सहकर्मी रविंद्र कुमार के साथ बाइक से राजगीर से दीपनगर लौट रहे थे। इसी दौरान दीपनगर बाजार के समीप अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल अधिकारियों का हालचाल जाना। घटना को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक जांच की जा रही है।
