झारखंड के रामगढ़ जिले के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र में सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ विस्थापित ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। बिजली आपूर्ति बंद किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर सीसीएल की कोयला ढुलाई ठप कर दी। साथ ही बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हाथों में तख्तियां लेकर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए।
ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र के दर्जनों गांव पिछले 20 से 22 दिनों से बिजली संकट झेल रहे हैं, जिससे उनका जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार अंधेरे में रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
प्रदर्शनकारी गायत्री देवी और बिहारी महतो सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीसीएल केदला प्रबंधन ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। इससे क्षेत्र के हजारों लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सड़क जाम के कारण सीसीएल की कोयला ढुलाई भी प्रभावित हुई, जिससे कंपनी के कार्यों पर असर पड़ा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन उनकी बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
