मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 हजार डायजेपाम इंजेक्शन बरामद किए हैं। मामले में अंतरजिला गिरोह से जुड़े चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इंजेक्शन से लदे एक सूमो वाहन को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नशीले इंजेक्शनों की एक बड़ी खेप वाहन के जरिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने माधौल फोरलेन के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध सूमो वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में डायजेपाम इंजेक्शन बरामद हुए। बरामद सामग्री को थाने लाकर गिनती कराई गई, जिसमें कुल 4 हजार डायजेपाम इंजेक्शन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन में सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बरामद इंजेक्शनों की खेप नेपाल भेजी जानी थी। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक संगठित अंतरजिला तस्करी गिरोह सक्रिय है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
मामले की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ ड्रग इंस्पेक्टर को भी दे दी गई है। बरामद इंजेक्शनों की जांच कराई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन्हें कहां से लाया गया था तथा किन माध्यमों से नेपाल भेजने की तैयारी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
