पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत शुक्रवार को दुमका के रिंग रोड किनारे वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही तथा गोड्डा के पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर भानु प्रताप शाही ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं और स्वच्छ पर्यावरण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना होगा। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उसे रोपित करना।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ पौधारोपण किया। नेताओं ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।
