मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय : भानु प्रताप शाही

भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही ने शुक्रवार को दुमका परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। इस दौरान देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है।

भानु प्रताप शाही ने कहा कि वर्ष 2014 से देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर लगातार भरोसा जताया है। वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में मिले व्यापक जनसमर्थन ने यह साबित किया है कि जनता भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास करती है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। रक्षा, अंतरिक्ष, डिजिटल तकनीक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां पहले भ्रष्टाचार और नीतिगत अस्थिरता की चर्चा होती थी, वहीं आज भारत विकास, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व की पहचान बन चुका है। केंद्र सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली ने जनता का विश्वास और मजबूत किया है।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस दौरान केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।