जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जन शिकायत निवारण दिवस में लोगों ने विद्युत आपूर्ति से जुड़े हाई टेंशन तार की शिफ्टिंग, आवास स्वीकृति, स्कूल फीस माफी, आवास पर अवैध कब्जा एवं धमकी, रोजगार, पेट्रोल पंप के लिए एनओसी, भूमि विवाद, दुकान आवंटन सहित जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित लंबित मामलों, बच्चे के नेत्र उपचार हेतु आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की जांच कर पात्र मामलों में शीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान कई दिव्यांगजन एवं जरूरतमंद नागरिक भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।