कांग्रेस ने आयोजित किया बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोनारी मंडल अध्यक्ष दीपक यादव के नेतृत्व में परदेसी पाड़ा स्थित वीर मंच अखाड़ा में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं बूथ स्तर के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि किसी भी चुनाव में बूथ सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है और संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर ही दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की भूमिका मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार तथा पात्र मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने में बेहद अहम है।

परविंदर सिंह ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर सक्रिय रहने और मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला होता है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।

प्रशिक्षण शिविर में बीएलए-2 को मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, विलोपन एवं संशोधन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों और बूथ प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने पर बल दिया। शिविर में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और मतदाता जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।