पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर प्रखंड अंतर्गत भेरियारी गांव में दिवंगत नेता स्वर्गीय व्रज बिहारी प्रसाद की 28वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। उनके समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नरकटिया और रक्सौल विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पुण्यतिथि कार्यक्रम का आयोजन स्व. व्रज बिहारी प्रसाद के छोटे भाई एवं पूर्व विधायक श्याम बिहारी प्रसाद के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों तथा बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक श्याम बिहारी प्रसाद ने स्व. व्रज बिहारी प्रसाद के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा और समाज के विकास के लिए समर्पित कर दिया था। उनके विचार और कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वहीं स्व. व्रज बिहारी प्रसाद के पौत्र मृणाल किशोर ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि परिवार और क्षेत्र के लोग उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य करते रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्व. व्रज बिहारी प्रसाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया गया।
