17-18 जून को आयोजित होगा सहयोग सह जनकल्याण शिविर, तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

17 एवं 18 जून को आयोजित होने वाले सहयोग सह जनकल्याण शिविर के सफल संचालन को लेकर समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने की।

बैठक के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शिविर के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

सूर्य प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य आम जनता को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्रदान करना है।

बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं, विभागवार जिम्मेदारियों, लाभुकों की पहचान, प्रचार-प्रसार एवं अन्य तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शिविर को सफल बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।