झारखंड के रामगढ़ जिले में तीन दिवसीय 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को सिद्धू-कान्हू मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान आकर्षक आतिशबाजी और पुलिसकर्मियों की शानदार परेड ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया। प्रतियोगिता में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पांच जिलों—रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और चतरा के महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
इस अवसर पर डीआईजी अंजनी कुमार झा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं पुलिस बल में अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक दक्षता को बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का समापन 15 जून को होगा, जिसमें विभिन्न खेलों के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
