बोकारो में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध लकड़ी तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़,

बोकारो वन प्रमंडल ने अवैध लकड़ी तस्करी और अवैध आरा मिलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोमिया प्रखंड के तुलबुल और डेढ़े क्षेत्र में छापेमारी की। वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी कारोबार के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

जांच के दौरान पता चला कि लुगु बुरु पहाड़ के जंगलों से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों को विभिन्न आरा मिलों तक पहुंचाया जा रहा था। वहां लकड़ियों को चीरकर बाजार में बेचा जाता था, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा था।

छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने लकड़ी परिवहन से जुड़े ट्रांजिट परमिट और आरा मिल संचालन के वैध दस्तावेजों की मांग की, लेकिन संचालक कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टर अवैध लकड़ियां जब्त कर लीं। साथ ही कई आरा मिलों में स्थापित मशीनों और अन्य उपकरणों को भी अपने कब्जे में लिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध लकड़ी कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगलों की सुरक्षा और अवैध कटाई पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग की इस पहल को जंगलों और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।