गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड एवं हीरोडीह थाना क्षेत्र में बाल श्रम, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान बनवासी विकास आश्रम (BVA) और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य बाल तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसी समस्याओं को जड़ से समाप्त करना तथा बच्चों के अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक बनाना है। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एक मंच पर आकर इस मुहिम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जमुआ के प्रखंड विकास पदाधिकारी अमल कुमार तथा हीरोडीह थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम, बाल विवाह या मानव तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचित करें।
बनवासी विकास आश्रम के सचिव सुरेश कुमार शक्ति ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाना है, ताकि बच्चों को शोषण और तस्करी के जाल से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों, प्रशासन और आम जनता के सहयोग से ही इस गंभीर समस्या पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
अभियान के तहत विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, रैली और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे लोगों को बाल अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी मिल सके।
