गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड में रेल सुविधा की मांग को लेकर चलाए जा रहे “देवरी के लिए रेल” सिग्नेचर अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में जमडीहा पंचायत के जमडीहा गांव में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर रेल सुविधा की मांग का समर्थन किया।
ग्रामीणों ने अपने हस्ताक्षर कर क्षेत्र में रेल सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया और इसे देवरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। लोगों ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता लाछो हजरा ने की, जबकि संचालन मनीष चौधरी ने किया। बैठक में जमडीहा पंचायत के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर देवरी क्षेत्र के विकास के लिए रेल सुविधा की मांग को और मजबूत करने का निर्णय लिया।
बैठक में अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। साथ ही निर्णय लिया गया कि आगामी 21 जून को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आंदोलन की आगे की रूपरेखा तय की जाएगी और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि रेल सुविधा मिलने से देवरी प्रखंड के विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के लोगों को आवागमन, व्यापार और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
